जहाज में सवार भारतीय नागरिकों को समुद्री लुटेरों ने कैद किया

हांगकांग के ध्वज वाले जहाज में सवार 18 भारतीय नागरिकों का नाइजीरियाई तट के पास समुद्री लुटेरों ने अपहरण कर लिया है। समुद्री घटनाओं पर नजर रखने वाली एक वैश्विक एजेंसी ने यह जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, भारतीयों के अपहरण की खबरों के बाद नाइजीरिया में स्थित भारतीय मिशन ने घटना से संबंधित जानकारियों का पता लगाने और अपहृत भारतीयों को बचाने के लिए अफ्रीकी राष्ट्र के अधिकारियों से संपर्क किया। बताया जा रहा है कि जहाज सुरक्षित है और नाइजीरियाई नेवी की निगरानी में है।


समुद्री डाकुओं ने अपने कब्जे में रखा था जहाज


बताया जा रहा है कि जहाजों की गतिवि‌धियों को ट्रैक करने वाले 'एआरएक्स मैरीटाइम' ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि समुद्री डाकुओं ने मंगलवार को जहाज को अपने कब्जे में ले लिया था। जानकारी के अनुसार, इस जहाज पर सवार 19 लोगों का अपहरण कर लिया गया था, जिनमें से 18 भारतीय हैं। यह हमला 3 दिसंबर की शाम को नाइजीरियाई तट के पास से गुजरते समय हांगकांग के झंडे वाले 'वीएलसीसी, एनएवीई कान्स्टलेशन' पर समुद्री लुटेरों ने किया था।


अफ्रीकी राष्ट्र के अधिकारियों से किया संपर्क


आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भारतीयों के अपहरण की खबरों के बाद नाइजीरिया में स्थित भारतीय मिशन ने घटना से संबंधित जानकारियों का पता लगाने और अपहृत भारतीयों को बचाने के लिए अफ्रीकी राष्ट्र के अधिकारियों से संपर्क किया। बताया जा रहा है कि जहाज अब सुरक्षित है और नाइजीरियाई नेवी की निगरानी में है